निंदूरा बाराबंकी। बड्डुपुर क्षेत्र में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा उस समय देखने को मिला जब भगवान मूर्ति स्वामी धाम ग्राम मूरतपुर से प्रसन्नाथ शिव मंदिर तक भव्य शिव बारात निकाली गई। शिव बारात में शामिल श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। हर-हर महादेव के जयघोष, रंग-गुलाल की फुहार और डीजे पर बजते भक्ति गीतों के बीच पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया। बारात में पुरुषों, महिलाओं और युवाओं की बड़ी भागीदारी रही। श्रद्धालु नाचते-गाते, झूमते हुए भगौली तीर्थ पहुंचे, जहां भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। रास्ते भर जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर शिव बारात का स्वागत किया। आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन व स्वयंसेवकों की सक्रियता भी देखने को मिली। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्रीय विधायक साकेंन्द्र प्रताप वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने शिव बारात में शामिल होकर श्रद्धालुओं के साथ भक्ति में सहभागिता की और क्षेत्रवासियों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी। विधायक ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी सौहार्द, भाईचारा और सांस्कृतिक एकता मजबूत होती है। आयोजकों के अनुसार शिव बारात का उद्देश्य क्षेत्र में धार्मिक चेतना का प्रसार करना और युवाओं को सनातन परंपराओं से जोड़ना है। कार्यक्रम के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। देर शाम तक भक्ति संगीत और जयघोष के साथ आयोजन संपन्न हुआ।
रिपोर्ट: अंकित मिश्रा बाराबंकी
